Thursday, September 12, 2019

प्यार की कली।

कुछ दिन से मन अनमना मेरा,
यादें  रह,  रह  कर  आती  हैं।
लगता  प्रियजन  को  भूले हो,
चुपके  चुपके  कह  जाती हैं।।
          फिर रोने का  दिल करता है,
          सिसकियाँ बीच आ जाती हैं।
          थपकी  देतीं  कंधों  पर  वे -
          साहस  और  धैर्य  बँधाती हैं।

तब खोल अटैची अपनी मैं
कुछ  पत्र  पुराने  पढ़ता हूँ।
जब  आंखें गीली हो जातीं,
शब्दों  को  ऐसे  गढ़ता हूँ।।
          एक  पत्र  पुराना  हाथ  लगा,
          एक  मित्र  हमारा  लिखता है-
          " इन  दिनों  प्रेम  में  हूँ  प्यारे,
           सब अच्छा-अच्छा दिखता है।"

इसलिए  प्रेम  से  बात  सुनों -
कुछ प्यार मोहब्बत करिए तुम,
पीड़ादायक  जीवन  में अपने-
कुछ  रंग  सुनहरे  भरिए  तुम।
          "हे  दोस्त,  सखा,  मेरे  प्यारे !
           करुणा रस में क्यों लिखते हो?
           लिखिए  अपने  अंदाज़  वही,
           क्यों तुम उदास से दिखते हो?"

उन दिनों उदासी  दूजी थी,
जो बहुत दिनों तक घेरे थी।
तब जीने की  उम्मीद न थी,
तब  कौड़ी पास न मेरे थी।।
          अब उसकी बातें सच लगतीं,
          रिश्तों से खुशियाँ  मिलती हैं,
          है प्यार की कली बड़ी कोमल,
          हर मौसम में वह खिलती है।

Tuesday, September 10, 2019

बगुला

सफ़ेद रंग मेरा प्रिय रंग है। कफ़न जैसा सफ़ेद, हूबहू, भारतीय रेल के तीसरे और दूसरे दर्जे के यात्रियों को दी जाने वाली बेडसीट जैसा। ऐसे ही रंग एक पक्षी का भी है जिसे बगुला कहते हैं, सुर्ख़ सफ़ेद! कबूतर कुछ भी नहीं है इसके आगे भाई साहब! यकीन मानिए! असल में असली शांतिदूत बगुला होता यदि वह मांसाहारी न होता! (ये नियम जरूर शाकाहारियों ने बनाया होगा)

बचपन में सफ़ेद बगुले देखकर इतना कौतूहल होता था, कि कई बार अपने बटाई खेत के पास तालाब किनारे घंटो बैठकर उनको निहारता रहता था। वे शिकार में इतने ध्यानमग्न होते कि, उन्हें पता ही नहीं चलता कि, कोई उन्हें देख रहा है। कौआ के बाद बगुला ही ऐसा पक्षी है जिसे प्राचीन काल की भाषा संस्कृत में किसी उपाधि (बकोध्यानं) से नवाजा गया है।

सभी प्राणियों की तरह इनका भी पानी ही प्रिय पेय पदार्थ है, हालांकि, मांसाहारी होने के कारण इन पर कुछ संदेह ज़रूर होता है, कि वे शराब के भी शौकीन होंगे। क्योंकि, ऐसा कहा जाता है कि, शराबी मांसाहारी नहीं भी हो सकते हैं, लेकिन मांसाहारी शराबी अवश्य हो सकते हैं (आम भारतीयों की राय अनुसार) ख़ैर छोड़िए, यह अभी भी शोध का विषय है।

बगुलों में एकता का अनूठा संगम दिखता है, ये प्रकृति प्रेमी, निश्छल प्रेमी और मेहनती होते हैं। और सम्मोहक तो बिल्कुल वैसे ही जैसे सफ़ेद कुर्ते पायजामें में नेता जी।😊

Wednesday, September 4, 2019

अनुमानित


जिसको पीपल समझा, पूजा,
निकला पेड़ पकरिया वो।
कुल्हड़ कहकर बेंच रहा है
दिखती 'शिशु' चुकरिया वो।।

जिनको समझा झील, समंदर,
निकले छिछली दरिया वो।
भूल गए सागर में मिलते,
नद्दी, नाले, नरिया वो।।

सड़क किनारे रेड़ी-पटरी,
रोज़गार का जरिया वो।
पुलिस को पैसे लेते देखा,
लगती लूट जबरिया वो।।

जिनको बज्जतिया था समझा,
निकले विषधर करिया वो।
जगमग-जगमग कहते फिरते,
निकली रात अंधेरिया वो।।

शब्दार्थ:-
- पकरिया: छायादार पेड़, इसके पत्ते बकरी बहुत चाव से खाती है। पतझड़ के बाद नवीन कपोलों को ठुठिया कहते हैं, उसकी सब्जी बनती है।
- चुकरिया: बच्चों को लिए खिलौना जैसा मिट्टी का एक बर्तन। इसे कभी कभी पूजा आदि में भी प्रयोग में लाते हैं। इसमें यदि छेद कर दें तो उसे भर्रा कहते हैं, जिसमें कोयले को कूटकर भरने के बाद एक रस्सी से बांधकर घुमाने के दौरान चिंगारी निकलती है, देखने में मनोहारी लगता है।
- नरिया: नाले का छोटा रूप।
- बज्जतिया: पानी का सांप, कम जहरीला।
- करिया: काला नाग।

Wednesday, August 28, 2019

चर्चा चली थी वहाँ जोर से विकास की।

छंद

एक  दिन  गाँव  में,  पान  की  दुकान पर,
चर्चा  चली  थी  वहाँ जोर से विकास की।
पनवाड़ी बोला पहले,  अमरू किसान से,
तुम्हें नहीं दिखेगा, तुम्हें है चिंता घास की।
'छंगा हलवाई' बोले हमको भी दिखा नहीं,
बोला वह चिंता करो अपनी तुम श्वांस की।
'कवि' को देखकर बोला 'आजकल के हो',
तुमको तो चिंता रहती कवि 'विश्वास' की।
गुस्से में  'मुझसे'  बोला- फूट लो गुरू तुम,
लगता  तुम  राह तक रहे सत्यानाश की!!

Saturday, August 24, 2019

प्रश्नोत्तरी-5

प्रश्नोत्तरी-5

असली लगे निरर्थक न्यूज़,
फ़ेक लगे क्यों असली तब?
पत्रकारिता  है  मर  जाती,
अक्सर  होता  ऐसा  तब।।

रेल  चल रही घाटे में क्यों,
डूबी नइया है जहाज की?
नहीं  प्रबंधन,  ना संसाधन,
बात बताता तुम्हें राज की।।

क्यों  मंदी उद्योग जगत में?
डॉलर क्यों ले रहा उबाल?
जब टकसाल संभाले बाबू,
तब-तब होता  ऐसा हाल।।

क्यों  बेक़ाबू   होती  भीड़,
बेगुनाह  की  जाती  जान?
महिमा मंडन जब भी होता,
गुनहगार  पाता  सम्मान।।

सीबीआई खोज रही क्यों,
इनकम  टैक्स  दहाड़ा है?
न्यायालय में बोले आकर-
हमको  याद  पहाड़ा  है?

...बाकी अगली कड़ी में फिर कभी...

Monday, August 19, 2019

सितम इस क़दर क्यूँ ढाए हो तुम!

दवा-दारू।😊

सितम  इस  क़दर  आज  ढाए  हो  तुम!
लगता है आज फिर अद्धा चढ़ाए हो तुम!

मैं भी पीना चाहता हूँ तुम्हारे साथ प्रिय,
मेरे लिए क्या ज़हर ख़रीद लाए हो तुम?

क्यूँ छोड़ दिया था पीना-पिलाना 'ए दोस्त'-
मुद्दतों बाद मैख़ाने में नज़र आए हो तुम?

खुल'कर  कहो  सब हाले  दिल  'शिशु' से,
ग़मों  को  दिल  में  क्यों  दबाए  हो  तुम?

मुझपे ख़ुद कर्जा अदायगी है बहुतों का,
अब  कहो, मेरे  घर  क्यूँ  आए  हो  तुम।

#नज़र_नज़र_का_फ़ेर #शिशु

Saturday, August 10, 2019

जीत की गुंजाइश।


अभी अभी हरिशंकर परसाई जी का चुनाव का एक व्यंग पढ़ा। सोचा कुछ नकल से और कुछ अकल लगाकर लगे हाथ अपन भी कुछ पोंक मारते हैं। वैसे भी आज शनीचर है सो समय काटना भारी पड़ रहा है क्योंकि सो सो कर समय बिताने वाले को ही शनीचर कहते हैं, अब समझ में आया अम्मा क्यों कहती थीं 'शनीचर कहीं का'। दूसरा धारा के विपरीत कुछ लिख नहीं सकता, क्यों उस खटराज में पड़ें। फ़िक्र के लिए जिओ के डाटा की फ़िक्र ही काफ़ी है।

अबकी चुनाव लड़ने का मन बना लिया है, शुरुआत गाँव से ही होगी। मुद्दा भी है अपने पास, पहला, मेरा नाम राशन कार्ड से कट गया है, जिन्होंने राशन से नाम कटवाया उन्होंने ग़लती कर दी वोटर लिस्ट से नाम कटवाना भूल गए। यही भूल उनके लिए त्रिशूल का काम करेगी। दूसरा, हमारे घर के पास सरकारी नल भी नहीं है, इसलिए टोंटी चोर का इल्जाम भी हम पर नहीं है। वैसे हमारे देश की राजनीति में जैसे मुद्दे बहुत हैं, वैसे ही मुद्दई भी बहुत हैं। सो एक मुद्दई और बढ़ जाएगा। क्या फ़र्क़ पड़ता है। फर्क के लिए जिओ काफी है।

हमारे मोहल्ले से पिछली बार भूधर लड़े थे, कबकी बार मुनकाई लड़ेंगें और पिछली बार जिनकी अम्मा लड़ी थीं अबकी बार उनके बच्चों की अम्मा लड़ेंगीं। जाति की जटिलता हमारे यहाँ भी है। हर परिवार में शकुनी जैसे लोग यहाँ भी दाँवपेंच चलते हैं। पिछले चुनाव परिवार को लड़वाकर, तुड़वाकर जीते गए। वैसे मुहल्ले का चुनाव जीतने के लिए न ख़ास लोग चाहिए न आमजन। मुझे केवल फिक्र है भौजी, चाची, अम्मा, दादी, बिटिया और भतीजी के वोटों की वो मुझे मिल ही जाएँगे, क्योंकि आजकल लड़के और आदमी किसी की फिक्र नहीं करते उन्हें जिओ के डाटा की ही फिक्र है।

यदि इन सभी संभावनाओं पर गौर करें तो अबकी चुनाव में मेरा दाँव पक्का लगता है। वैसे भी शिशुपाल को रोकने के लिए कृष्ण की ज़रूरत है और यदि एक बार को मान लिया जाए यदि कृष्ण आ भी जाते हैं तो भी निन्यानबे का चक्कर अब नहीं चलने वाला और वैसे भी अब लोग शिशुपाल को वोट देते हैं कृष्ण को नहीं। जीत की गुंजाइश में फूलकर कुप्पा हो गया हूँ।

Popular Posts

आंदोलन

यह बात सन 1994 की है। उस समय मैं लखनऊ के एक आवासीय विद्यालय में 9वीं कक्षा में पढ़ता था। एक दिन हॉस्टल में बच्चों को खराब खाना परोसे जाने को...