Wednesday, April 24, 2019

तुमको चमकते शहर से फुर्सत मिले अगर

जो हो गए बर्बाद सब, उसमें हमारा हाथ!
आवाम खुश हो रही सुनकर हमारी बात!!

तुम कह रहे हो हारना मेरा नहीं उसूल है,
सब्र कीजिए, अमा दिख जाएगी औक़ात।।

तुमको चमकते शहर से फुर्सत मिले अगर,
गुर्बत भी देख लेना 'शिशु' आकर हमारे साथ।

सोचता हूँ, शब को  लिखना पड़ा ग़र दिन,
दिन के उजाले में लिखूँगा खुशनसीब रात!!

Sunday, April 21, 2019

उत्तर की बारात।

यह कहानी किसी के लिए मनगढंत क़िस्सा और किसी के लिए वास्तविक घटना लग सकती है। कहानी सुनी-सुनाई है, इसमें कितनी सच्चाई है यह कहना मुश्किल है तथा इस कहानी का किसी जीवित या मृत व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। आपको कई जगह अतिश्योक्ति भी लग सकती है और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इसका बिल्कुल उद्देश्य नहीं है...

...तो शुरू करते हैं, आज से कोई 50 साल पहले उत्तर में एक बारात गई थी। जिस गांव के लिए यह बारात गई थी उस गाँव को बारात ले जाने वाले लोग उत्तर कहते हैं। यह जिला सीतापुर में है, जोकि, नैमिषारण्य तीर्थ के कारण प्रसिद्ध है। यहाँ की बलुआ मिट्टी में बाजरा और जौ तथा उपजाऊ चिकनी मिट्टी में गन्ना, गेहूँ और मक्का उगाए जाते हैं। चौका नदी के पश्चिमी भूभाग में धान की खेती की जाती है। कंकड़ या कैल्सियमी चूना पत्थर एकमात्र खनिज है जो खंड के रूप में मिलता है। कहानी के शुरुआत में ही खेती का वर्णन इस लिए किया जा रहा कि यह कहानी इसी के इर्द गिर्द बुनी गई है।

तब के समय में अधिकतर बारातें बैलगाड़ी पर जाती थीं। दूल्हे और दुल्हन के लिए डोली का इंतजाम किया जाता था जिसे पीनस या मियाना कहा जाता था, इसे बेचारे कहार कंधों पर ढोते थे। और तब कई बार दूरी अधिक होने के कारण बारात एक दिन पहले ही रवाना हो जाती थी और तीन दिन बारात ठहराने का इंतजाम किया जाता था ताकि बैलों के साथ ही साथ बारातियों को भी आराम मिल सके, एक दिन पक्का खाना (पूड़ी पकवान) मिलता और बाकी दो दिन कच्चा खाना रोटी, सब्जी, चावल, दही बड़ा, चना उड़द की दाल, अचार वगैरह) परोसा जाता था। रास्ते में आने जाने के लिये भौंरिया बनाने के लिए आटा, सत्तू और आलू, आदि का इंतजाम भी कर लिया जाता था। बाल्टी, लोटा, रस्सी, पत्तलों (बर्तन) और कुल्हड़ का इंतजाम किया जाता था। एक बैलगाड़ी पर खाने पीने की चीजें लदी होती थीं। जिस बैलगाड़ी में दुल्हन के लिए गहने कपड़े होते उसे बीच में चलाया जाता... बैलगाड़ी पर पुआल भर लिया जाता तथा जानवरों के लिए भूषा दाना भी रखा जाता। तब परजा जिनमें कहार, कुम्हार और नाई प्रमुख थे को बारात में खूब आदर मिलता, इनकी जिम्मेदारी परिवार के प्रमुख व्यक्तियों की तरह ही होती। कारण कुंवें से पानी खींचने का कार्य कहार और दूल्हे को नहलाने के लिए कहार तथा बर्तन का इंतजाम कुम्हार करता। कुछ अन्य जातियां भी परजा की श्रेणी में आती थीं लेकिन छुआछूत की भावना के कारण पंडित, ठाकुर, कुर्मी  और अन्य अगड़ी जातियाँ उन्हें बारात में नहीं ले जाया जाते थे, हाँ जब बारात वापस आ जाती तब उन्हें उनका नेग दे दिया जाता था।

यह बारात भी उसी के अनुसार तैयार हुई और समय पर रवाना हुई। जबसे उत्तर में विवाह तय हुआ था गाँव में कौतूहल था। लोग उत्तर की बारात के लिए उत्साहित थे। तब बारात में जाना आज आजकी तरह मजबूरी न था। इसे एक प्रकार का सामूहिक कार्यक्रम समझा जाता था। शादी में जाने के लिए हर कोई तैयार रहता था। जब छिदना हुआ तो गांव में नौटंकी का आयोजन किया गया। जिसे उत्तर के लोगों ने खूब पसंद किया था। उत्तर की तरफ जाने वाली गाँव की यह पहली बारात थी, हर कोई बारात में जाने को उत्साहित था। लोगों ने कई दिन पहले तैयारी कर रखी थी। बाबू दर्जी से अचकन सिलवाने की होड़ लग गई। चमहाऊ जूतों को तेल पिलाया जाने लगा, काले और सफेद बाल वाले लोग नाई के चक्कर लगाते कि उसके काले बाल रखे सफेद छाँट दे। कुर्ता, तम्बा (पायजामा) सिलवाई के चक्कर में दर्जियों के भाव बढ़ गए। धोती खरीदने के लिए गुप्ता की दुकान पर लोग आने लगे। लोग मूंछों पर ताव देते कि उत्तर की बारात में जाना है भाई। सुना है वहाँ खातिरदारी खूब होती है अब देख भी लेंगें कोई कहता...जिस जाति की बारात जानी थी उनके यहाँ चर्चा के लिए उत्तर की बारात ही मुख्य चर्चा थी। आखिर बारात तैयार हुई और तय हुआ सुबह के चार बजे बारात निकलेगी। इसलिए बैलों को रात में अच्छा चारा दिया गया, दाना लगाकर उन्हें दुबारा खिलाया गया। एक दिन पहले ही उन्हें नहलाया गया था खरारा लगाया गया, सींगों को पहले से ही रंग दिया गया था। उनके गले में बड़ा घुंघरू बांधा गया और सींगों में चोटी बाँधी गई। बैलगाड़ी के पहिए को खोलकर उन्हें डीजल और सन रोगन से तैयार किया गया। और रास्ते में किसी भी मुसीबत के लिए एक दो एक पहिए, जुआ (बैलगाड़ी की स्टेरिंग) का इंतजाम भी कर लिया गया था। जिस आदमी को रास्ता पता था उसका लहड़ुआ सबसे आगे दाला (हांका) गया। डोली को कुछ दूर कहार ले गए बाद में दूल्हे और डोली को एक बैलगाड़ी पर चढ़ा दिया गया था।

बारात को अंधेरा होने से पहले पहुँचना था क्योंकि रात में अनजान जगह बारात लुट जाने का ख़तरा था, लेकिन उत्साहवश यह बारात समय से दो घंटे पहले पहुँच गई थी, दिन होने के कारण उसे 3 किलोमीटर पहले एक कुंवें पर ही रोक लिया गया। कई लोगों ने स्नान  किया और कपड़े भी बदले क्योंकि रास्ते में धूल ने सबकी हालात खराब कर दी थी। जब कुछ अंधेरा हुआ बारात गांव की तरफ रवाना हुई। डोली को बैलगाड़ी से उतारकर दूल्हे को उसमें बिठाया गया।

गैस और हंडा की रोशनी दूर से दिख गई थी जहाँ बारात को रुकना था, यह एक बाग था जिसमें विभिन प्रकार के पेड़ थे। एक जगह पर शामियाना भी लगाया गया। बाग में बहुत पुराना कुंवा था जिस पर घिरनी लगी थी जिससे पानी आसानी से खींचा जा सके। चारपाई पर गलीचे बिछे थे। बारातियों को नाश्ता दिया गया। जब नाश्ता दिया जा रहा था एक व्यकि टार्च लेकर लोगों की गिनती कर रहा था। लोगों ने समझा यह शायद खाने को ध्यान में रखते हुए की जा रही होगी। किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। द्वारचार के लिए बरातियों का स्वागत कंडें की रोशनी से किया गया। रवाईश जलाई गई। जब बाराती खाना खाकर वापस आ गए एक व्यक्ति और आया और लोगों की गिनती करने लगा। सबने सोचा यह यहां का रिवाज़ होगा...

और अगले दिन सुबह 5 बजे के करीब दो व्यक्ति जिनमें एक पास राइफल और दूसरे के पास लठ्ठ था, आया और बरातियों से कहा चलो ठाकुर साहब ने बुलाया है। लोगों को रात में मालूम हो गया था कि यह ठाकुरों का गाँव है क्योंकि मामूली कहासुनी और झगडे हो चुके थे। तब शादियों में ये होना आम बात थी। कुछ लोग बैठे रहे और कुछ चलने लगे तभी राइफल लिए व्यक्ति ने कहा सभी 40 के 40 चलिए। कोई भी आदमी को रुकने की जरूरत नहीं, चूंकि दूल्हा और उसके घर के कुछ सदस्य अभी भी दुल्हन के घर पर थे इसलिए वे बच गए। एक बुजुर्ग को जो चलने में समर्थ न थे रुकने का इशारा करके सब चल दिए। ऐसा था जातिगत आतंक।

ठाकुर का घर एक काफी बड़ा घर था, जिसका चबूतरा सड़क से करीब 5 फिट ऊंचा था। 200 फ़ीट लंबी कच्ची दीवार पर कलीने से छप्पर पड़ा हुआ था, जिसके नीचे लकड़ी के 10 तख़्त और इतनी ही चारपाई बिछीं थीं। मुख्य दरवाज़ा बहुत बड़ा था जिस पर लोहे और पीतल के बड़े बड़े भाले जैसे दिख रहे थे, दरवाजे के ऊपर मिट्टी का एक बड़ा दीपक रखा था और जिसने लग रहा था उसकी कालिख सफेद पुती दीवाल पर काला टीका का काम कर रही थी। ठाकुर लकड़ी की आरामदायक कुर्सी परअधलेटा था। जैसे ही लोग पहुँचें उसने उठकर देखा और बिना कुछ बोले फिर पसर गया। तभी अंदर से एक कारिंदा आया और चौबन्दी (जिसमें भूसा बांधकर लाया जाता है) फेंक कर वापस चला गया। लोगों का माथा ठनका। यह भूसा उठाने का एक संकेत था। लोगों को एक खेत पर ले जाया गया जहां पहाड़ जैसा ठेर था। कारिंदे के हाथ में एक मोटा और मजबूत लठ्ठ था, लठ्ठ फटकारते हुए उसने कहा ज्यादा नहीं है दो ही चक्कर लगेंगें। चलो, नातेदारों चलो तैयार हो जाओ। एक आदमी ने थोड़ा विरोध किया, कारिंदें ने उसके पिछवाड़े पर एक लठ्ठ बजाया, वह वहीं ढेर हो गया, बाकी सब बिना किसी विरोध के काम पर लग गए। दो घंटे की कड़ी मशक्कत से लोगों ने भुसा उठाया और फिर 1 घंटे उसे भुसौरी में भरने में लगाया। जब वे दुबारा ठाकुर के दरवाजे पर पहुँचें तांबें की दो बड़ी टंकियों में राब का शरबर तैयार था, सबको कुल्लड़ में शर्बत परोसा जाने लगा जिसे लोगों ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। कुछ एक को छोड़कर कारिंदें ने बिना कोई नुकसान पहुंचाए सबको पुनः बाग में जहां बारात रुकी थी छोड़ दिया।

बारात अगले वापस गाँव लौट आई थी। रास्ते में किसी ने किसी से कोई बात नहीं की। गाँव में जो किसी कारण बरात न जा पाए थे, पूछने लगे कैसी रही आवभगत। किसी ने कुछ न बोला। बात आई और गई। आखिर कुछ दिनों बाद जब फिर उत्तर से किसी के लिए रिश्ता आया लोगों का धैर्य जवाब दे गया और सभी वही घटना एक दूसरे से सुनाने लगे। कोई बोलता वहां गन्ना भी खूब होता है अबकी बार गन्ना छिलवा लेंगें, कोई कहता धान भी अच्छा होता है धान झोरवा लेंगें। बात यह थी कि, उत्तर की बारात करने को कोई राजी न हुआ।

अब सुना है उत्तर से बारातें फिर हो रहीं हैं क्योंकि अब ठाकुरों का उतना आतंक नहीं है लेकिन फिर भी लोग वहाँ बारात जाने को उतना उतावलापन नहीं दिखाते जितना अन्य जगहों पर।

Thursday, April 18, 2019

बचपन की एक याद।


आज से कोई बीस पच्चीस साल पहले की बात है तब दहेज में साइकिल, घड़ी और रेडियो का लेन देन का चलन था। बेटी को विदा करते समय लोग आटा को डेलवा में बाँधकर देते थे, आजकी तरह नहीं बोरी में। साथ ही साथ रंगीन पेटरिया (इसे खजूर की पत्ती और कुश से बनाया जाता था)। तब लड़कियां, महिलाएं कारीगर होती थीं। उन्हें बेजोड़ कला का ज्ञान था। वे ऐसी ऐसी डिजाइन बनाती आजकल के कम्प्यूटर पर बनी डिज़ाइन फेल हो जाए। हाथ से बने बेना (पंखा) का जवाब नहीं होता था। नरई (गेहूं की पौध) को विभिन्न रंगों में रंग कर ऊन से बीनती, आह क्या खूबसूरत कारीगरी होती मन मुग्ध हो जाता। तब बरात में महिलाएं ऐसे ऐसे गीत गातीं कि बराती वाह वाह कह उठते और उन्हें निछावर में पैसे देते।

कलेवा के समय चारपाई पर बैठने वालों से ज्यादा इर्दगिर्द लोगों का जमावड़ा लगा रहता था। एक से बढ़कर एक अनमोल गिफ्ट मिलते, भले ही उनकी कीमत कम हो लेकिन लोग देखकर ही खुश हो जाते, गोल सीसा, चौकोर सीसा, कंघा, बेना, रंगीन डलैय्या, चुटीला, फीता, दीवाल घड़ी, बतासा के साथ मुनक्के, गर्री गोला, छोहरे। भांति भांति के उरमाल (रूमाल) ऐसे ही अनगिनित तोफे जिन्हें देखकर बराती अंदाजा लगाते कि किसकी शादी मैं ज्यादा अच्छी कलेवा हुई। तब पैसे का उतना चलन नहीं था। लिखने वाला हर सामान कॉपी में लिखता। तब कलेवा पर तोफे लिखना हंसी मजाक नहीं था।

बारात के कुछ दिनों बाद जब लड़का विदाई कराने जाता दो तीन लोग और जाते। जो जानबूझकर पांव में रंग लगवाकर आते। सोने का बहाना करते ताकि कोई उनके पैरों में रंग लगा दे और रंग लगने के बाद कहते भाई ये ठीक बात नहीं, ऐसा नहीं करना चाहिए था। और बिटिया के घर के लिए पूड़ी पकवान बांधकर दिए जाते, ताकि घर जाते ही उसे खाना न बनाना पड़े। इसके अलावा पड़ोसियों में उसे वितरित किया जाता। उसे बैना कहा जाता था।

5 से 6 साइकिलें आ रही हैं किसी साइकिल पर डेलवा, किसी पर सूप कोई रेडियो लटकाए है। रेडियो जोर जोर से बज रहा है, तेज धूप में पसीने से तर बतर होकर लोग चले जा रहे हैं। लड़के की साइकिल पर लड़की पीछे केरियल पर मुँह ढके बैठी है। जब तक गाँव का आखिरी घर रहा वो रोती रही, फिर किसी ने बोला अब चुप हो जाओ। न चुप होने पर लड़के ने धमकाया अब कितना रोवोगी। लड़की डरी सहमी बैठी रही, साड़ी चमकदार, ऊपर से शाल, गर्मी में भी पैरों में चप्पल के साथ मोजे। लोग दूर से अंदाजा लगा लेते ये कौन सी जाति के लोग जा रहे हैं। सबका अपना अपना रिवाज था। लाल चप्पल, लाल मोजा, अपने आप जातिगत कहानी बयां कर देता था।

ऐसी ही एक बारात में जब मैं कोई 10 बारह साल का रहा हूँगा विदाई करा के मैं पिताजी की साइकिल पर आ रहा था, अचानक भयानक आंधी तूफान आ गया, साइकिल आगे की बजाय पीछे जा रही, लड़की के घर से अभी कोई 2 किलोमीटर ही चले थे, कोई बोलता वापस चल लें। कोई बोलता वापस जाना अपशगुन होता है। जितने मुँह उतनी बातें, कोई कहता कुछ दूर चलने पर हमारी रिश्तेदारी है वहाँ रुक जाएंगे। लेकिन तिल तिल चलना मुश्किल, सब पैदल चलने लगे, मैं साइकिल पर बैठा रहा पिताजी पैदल ही चल रहे थे। लड़की भी पैदल चल रही थी, अचानक वह रोने लगी। सबसे छोटा मैं ही था मुझसे वह लाज न करती इसलिए पिताजी ने कहा तुम जाकर उसके साथ चलो थोड़ी दूर। जैसे ही मैंने उससे कहा चुप हो जाओ वह और जोर जोर रोने लगी। मैं भी रोने लगा। मुझे रोता देखकर सब हँसने लगे और वह लड़की भी मुस्करा दी। बस यादें हैं। आज भी जब  मेरी मामी मुझे देखती हैं वही किस्सा छेड़ देती हैं।

Monday, April 8, 2019

फूलमती

फूलमती गोबर उठा रही थीं कि अचानक गनेशवा ने जले पर नमक छिड़कते हुए कहा, काहे जिया (दीदी), किसका का गोबर उठाई रही हैं।
फूलमती ने उलझे बालों को झटकते हुए झल्लाकर कहा, नासपीटा कहीं का। गोबर भैंस का हो या गाय का उठाना तो हमें ही पड़ेगा, जा अपने जीजा से पूँछ। गाय पर प्रवचन झाड़ रहे हैं, एक दिन भी बताएं जब गोबर उठाया हो और उस पर गाय और भैंस के गोबर में फर्क भी न कर पाएंगे।
गनेशवा यही तो चाहता था। उसका ये सब सुनकर पेट भरता था। पेट पर हाँथ फेरकर एक लंबी डकार लेकर बोला, जिया हमका काहे गारी दे रही हैं। हमका बिगाड़े हैं। हम सुने हैं कि आप गाय के अलग और भैंस के अलग कंडे पाथथीं हैं, सुना है आजकल गाय वाले बहुत डिमांड में है।
फूलमती ने मुँह बिदकाकर कहा, काहे बाबा रामदेव से डर लगताहै का, सो हमसे पूछ रहा है। फायदा नहीं होता तो क्या ऐसे ही इतना महंगा बिकता। सब बीमारी हजारी इसी से ठीक हो जाती हैं, हाँ नहीं तो क्या?
गनेसवा ने गुटखा फाड़कर मुँह में डाला और असली मुद्दे पर आ गया। तो अबकी बहन जी को जिता रही हो जिया।
काहे तुम्हारी काहे छाती फटी जा रही है, महिला जीत जाए तब भी परेशानी और हार जाए तो चटकारे लेकर उड़ाओ मजाक। तुम बहन..दों को अपनी बहन से नहीं दूसरों की माँ बहनों से से परेशानी है।
गनेशवा थूंक गटककर बोला, तुम से न जीजा जीत पायेंगें न ही यह गाँव। मायके में रहती हैं अबकी परधानी का एलक्शन लड़ जाइए। कोई नहीं हरा पायेगा।
फूलमती हीं हीं करके हंस दीं। गनेशवा ब्रम्ह राक्षस की तरफ बथान से गायब हो गया।

Sunday, April 7, 2019

चले आओ, निकालो प्रभात फेरी तुम।


चले आओ, निकालो प्रभात फेरी तुम।
बेख़ौफ़ डालिए वोट, न लगाओ देरी तुम।।

हमारे वोट से जो बैठ गए हो कुर्सी पर।
गुज़ारिश है न उड़ाओ मजाक मेरी तुम।।

तुम्हें रिश्वत से मिली है नौकरी 'ए दोस्त'।
अब हक़ है- 'ख़ूब करो फेराफेरी तुम'।।

तुम सियासतदां हो मियाँ, बात मानेंगे लोग।
सुब्ह को सुब्ह नहीं, कहो रात अंधेरी तुम।।

रास्ते में काँटे डालने का गर शौक़ है तुम्हें।
क्यों उगा रहे हो आम? उगाओ बेरी तुम।।

Sunday, March 31, 2019

सफ़रनामा, भाग-2

मेरा पालन पोषण घोर गरीबी और अभाव में हुआ। मेरे माता-पिता छोटे काश्तकार होने के कारण इतनी कमाई नहीं कर सकते थे कि मैं ग्रेजुएशन की पढ़ाई किसी अच्छी यूनिवर्सिटीज में कर पाता। मेरा चयन लखनऊ विश्विद्यालय में बीए में हो गया था, लेकिन परिवार के ख़र्च न उठा पाने की वजह से मैंने अपना एडमिशन कानपुर विश्विद्यालय के एक बदनाम डिग्री कॉलेज में करवा लिया था। जो नकल के विख्यात था और जहाँ कम फीस थी। वहाँ रिगुलर क्लासेस करने की जरूरत नहीं थी। इसलिए मैं कमाने के उद्देश्य से मेरठ आ गया था।

दिल्ली जाने से पहले मैं मेरठ की पुरानी प्रेमपुरी की जिस गली में मैं रहता था, वहाँ ज़्यादातर लोग चाट मसाले का ठेला लगते थे। हालाँकि कुछ एक लड़के शराबी थे लेकिन उनके बुजुर्ग बड़े मेहनती थे। महिलाएँ पुरुषों से ज्यादा मेहनतीं थीं। वे घर का काम करने के बाद पूरे दिन गोल गप्पे बनाती थीं। हमारी गली गोल गप्पे वाली गली के नाम से मशहूर थी। मेरा कमरा पहली मंजिल पर था, जहाँ मकान मालकिन के लड़के ने कबूतरों के लिए एक दड़बा भी बना रखा था। यह काफी पुराना घर था और अपनी अंतिम सांसे गिन रहा था। मेरी मकान मालकिन बहुत भली औरत थीं। मैं शारीरिक रूप से अक्षम था, इसलिए मुझ पर सब दया भाव दिखाते। किरायेदार होने के बावजूद भी मुझे वहाँ अपनापन लगता। जब घर की याद सताती तो आंटी से बात कर लेता। मेरे पड़ोसी जब कभी कुछ अच्छा बनाते तो मुझे खाने के लिएअवश्य देते। मुझे उस गली के सभी निवासी बहुत स्नेह देते। मैं उनके छोटे बच्चों को शाम को फ्री ट्यूशन पढ़ाता था। लोगों की आमदनी कम थी। लेकिन दिल बहुत बड़े थे। मैं कमरे में ताला नहीं लगाता था, कारण, एक तो मेरे पास कुछ कीमती सामान न था और दूसरे मुझे वहाँ रहने वालों पर पूर्ण भरोसा था।

मुझे सुबह जल्दी कम्प्यूटर क्लासेस के लिए जाना होता था। चार बजे उठकर अपनी पढ़ाई करता, रोटी बनाता, सब्जी कम ही बनाता था क्योंकि कोई न कोई मुझे दे ही देता। उस घर में कुल मिलाकर 12 लोग रहते थे। घर चार मंजिला था। मुझे प्रतिदिन की चाय वहाँ रहने वाली एक किराये पर रहने वाली आंटी देती थीं। उनके दो बच्चे थे, जो उम्र में बहुत छोटे थे, आंटी अंकल की मृत्यु के बाद पीडब्ल्यूडी में नौकरी करतीं थीं। बड़ी सीधी, मधुर बोलने वाली। वो पंडित थीं लेकिन जाति पाँति में विश्वास नहीं करती थीं।

मैं आने जाने के लिए साइकिल प्रयोग में लाता था। यह साइकिल एक चोर ने मुझे बेंच दी थी जिस पर उसने नीले और लाल रंग से पुलिश लिख दिया था ताकि कोई शक न कर सके। साइकिल बेंचने से पहले उसने मुझे बता दिया था कि यह साइकिल चोरी की है। मुझे चोर की ईमानदारी और उसकी होशियारी बहुत अच्छी लगी थी। बाद में उसने मुझे पैसे वापस कर दिए थे और हम दोस्त बन गए थे। चोर ने मेरे कहने के बाद चोरी छोड़कर साइकिल मिस्त्री की नौकरी कर ली थी। कुछ दिन बाद उसकी एक एक्सीडेंट में मौत हो गई। ऐसे ही अनेकों अच्चे बुरे लोगों से मेरा वास्ता पड़ा।

मेरी कप्यूटर सेंटर कचहरी रोड मोहनपुरी में था। वहाँ से 10 बजे छुट्टी होती। उसके बाद बेगमपुल के पास एक फोटोकॉपी और पीसीओ की दुकान में काम करता था, वहाँ एक कंप्यूटर भी था, जिस पर डीटीपी का काम किया जाता था, शादी कार्ड भी डिजाइन किए जाते थे। मुझे कम्प्यूटर की दुकान पर राजू भइया ने लगवाया था, उनका मेरी जिंदगी बदलने में बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। वहाँ मुझे 600 रुपये तनख्वाह मिलती थी। कमरे का किराया 300 था, खाना ख़र्चा करने के बाद भी मैं कुछ पैसे बचा लेता था, जिन्हें जोड़कर मैं अपने गरीब माँ बाप को भेज देता था।

मेरा काम था दुकान खोलना, साफ सफाई, डस्टिंग करना, और जनरेटर के लिए तेल लाना, (उन दिनों मेरठ में बिजली बहुत जाती थी), फिर मैं पानी का जग भरकर रखता और दुकान पर आने वालों के लिए चाय लाता। सुबह से ही फोटोकॉपी वालों की लाइन लग जाती। मेरा मुख्य काम था पीसीओ पर फ़ोन करने वालों को फ़ोन उपलब्ध करना उनका नंबर नोट करना और हिसाब किताब रखना, इसके अलावा फोटोकॉपी सेट बनाना, बाद में फोटोकॉपी करने वाली लड़की नौकरी जब छोड़ गई तब यह काम भी मुझ पर आ गया। कभी कभी फोटोकॉपी मशीन पर दो दो घंटे खड़े रहना पड़ता था। एक पैर से कमजोर होने के बावजूद भी आराम न करता। दुकान के मालिक बहुत अच्छे इंसान थे, वह बैंक से रिटायर बैंक मैनेजर थे। फिर एक दिन अचानक कम्प्यूटर वाला लड़का नौकरी छोड़कर चला गया तब मुझे कम्प्यूटर पर काम करने का मौका मिला। वहाँ मैंने 2 साल काम किया और जब मैं दिल्ली आया तब मेरी सैलरी 2,500 रुपये थी। तब तक मेरा कम्प्यूटर का डिप्लोमा पूरा हो चुका था।

क्रमशः.... अगले भाग में राजू भैया के बारे में।

Friday, March 29, 2019

सफ़रनामा, भाग-1

सफ़रनामा, भाग-1

जब मैं दिल्ली आया था, मयूर विहार फेस वन के पास चिल्ला गाँव मेरा ठिकाना था। गाँव देखकर कहना मुश्किल था कि हम दिल्ली में रहते हैं, सड़कों पर कीचड़ इतना ज्यादा की ऑफिस जाते समय पालिश किए जूते कीचड़ में सन जाते। साल के बारहों महीने सड़कों पर कीचड़। उस समय हमारा गाँव उस गाँव से लाख गुना बेहतर था।  फर्क था तो केवल मकानों का। वहाँ के मूल निवासियों की भाषा हमारी जैसी न थी। मकान मालिक गाय भैंस पालते थे। और बड़े बड़े मकानों में अनगिनित कमरे बनाकर किराए पर उठाते जिससे उनकी धुंआधार कमाई होती थी।  किरायेदार चूहों बिल्ली की तरह रहते थे। दस दस कमरों पर एक बाथरूम, टट्टी पेशाब के लिए लाइन लगानी पड़ती थी। मकान मालिक अपने लिए अलग साफ सुथरा बाथरूम बनाते और किराएदारों के लिए अलग जहाँ सही से रोशनी न आती। मुँह बांधकर बाथरूम जाना पड़ता था। कई बार जैसे ही अंदर जाता कोई कड़ी बजा देता। निकलो बाहर बड़ी जोर की लगी है लोग कहते। हम 3 लोग रहते थे। हमारा कमरा साफ सुथरा था, लेकिन बाथरूम के लिए नीची जाना पड़ता था, भगवान कसम बड़ी चिल्लमपो होती।

जैसे ही उस गाँव से हम बाहर निकलते हमें राहत मिलती, वहाँ चमचमाती सड़कें, सड़क किनारे फुटपाथ, छायादार पेड़ और ऊँची ऊँची इमारते देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता कि हम इसी आसपास के इलाके में रहते हैं।

वहीं समाचार अपार्टमेंट्स के पास मार्किट में मेरा ऑफिस था। जहाँ मैं कम्प्यूटर ऑपरेटर था। बड़े-बड़े पत्रकार, लेखक, आर्टिस्ट, फिल्मों में स्टोरी लिखने वाले, कलाकार, वहाँ आकर कम्प्यूटर पर काम करते थे, मेल लिखते, प्रिंट निकलते, अखबार  निकालते, पत्रिकाएँ  निकालते। हर कोई जल्दी में रहता। उम्र दराज़ लोग फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते। कई बार जब कोई ओल्ड लेडी अंग्रेजी में बात करती तो गाँव की दादी नानी की याद आ जाती। तुलनात्मक रूप से जमीन आसमान का अंतर। लोग विभागीय पत्र टाइप करवाने आते, ज़्यादातर रिटार्यड लोग अपनी पेंशन या बेटे को जो विदेश में रहता था के लिए पत्र मेल लिखवाते। व्यक्तिगत पत्र जिन्हें सार्वजनिक करना ठीक नहीं ऐसे पत्र लिखवाते। कोई कोई अपने बच्चों की याद में भावुक पत्र लिखवाते, हम टाइप करते करते   स्वयं  ही भावुक हो जाते।

हिंदी में लिखा पढ़ी कम ही होती। मैं हिंदी भाषी था, अंग्रेजी में हाथ तंग था, स्पेलिंग मिस्टेक कर देता। कड़ी डाँट फटकार मिलती। किसे हायर किया है, लोग अंग्रेजी में बुदबुदाते। मुझे कोसते, मुझसे काम करवाने से मना कर देते। बड़ी खीज़ होती, हताशा से मन विचलित हो जाता। एक बार एक रिटायर अंकल किसी कंपनी के लिए प्रोजेक्ट लिखवा रहे थे, वो बोल रहे थे मैं टाइप कर रहा था, गलती होने पर जो डाँट पिलाते, नानी याद आ जाते। एक बार तो इतना डाँटा कि बाथरूम में जाकर रोया आया।

वहाँ एक दीदी आती थीं जो एक नामी गिरामी सामाजिक संस्था में बड़े पोस्ट पर थीं। वो अक्सर बच्चों के लिए कहानी लिखवाती थीं। कई अखबारों में लेख और कॉलम लिखती थी। उनका ज़्यादातर काम हिंदी में होता था। मैं जब टाइप करता यदि कोई स्पेलिंग मिस्टेक होती स्वयं से सही कर देता। बड़ा मान देतीं। हमारे बॉस को बोल देतीं उसी बच्चे से ही करवाना। एक दिन बातों बातों में उन्होंने अपने ऑफिस में मुझे नौकरी की पेशकश कर दी। मुझे अजीब लगा, इससे पहले मैंने वहाँ से नौकरी बदलने का कभी सोचा नहीं था। क्यंकि वहाँ मुझे समय पर सैलरी मिलती और सीखने का वह सबसे बड़ा स्थान था। मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं कि मैंने वहाँ बहुत कुछ सीखा। सीखने के लिए इससे बेहतर और कोई जगह हो ही नहीं सकती। अगले दिन मैं बहाने से छुट्टी लेकर वहाँ गया और इंटरव्यू दिया। मैं सेलेक्ट हो चुका था और तनख्वाह पहले स्थान से दूनी थी। यहाँ से जिंदगी की शुरुआत हो चुकी थी।

शेष अगले भाग में-

Popular Posts

आंदोलन

यह बात सन 1994 की है। उस समय मैं लखनऊ के एक आवासीय विद्यालय में 9वीं कक्षा में पढ़ता था। एक दिन हॉस्टल में बच्चों को खराब खाना परोसे जाने को...