Saturday, May 25, 2019

जीतने में तुम रहे असमर्थ कौरव! और भी हैं युक्तियाँ।

जीतने में तुम रहे असमर्थ कौरव!
और भी हैं युक्तियाँ।

धूर्तता, षड्यंत्र में तुम सब निपुण,
मूर्ख कैसे हैं बनाते, ये भी गुण।
दाँव भी चलने सभी आते तुम्हें,
धर्म की ओढ़ो दुशाला भक्ति की धुन-
अर्थ का भी खोजिए तब अर्थ कौरव!
भाषणों में जोड़िए कुछ सूक्तियाँ।

जीतने में तुम रहे असमर्थ कौरव!
और भी हैं युक्तियाँ।

उग्रपन भी है तुम्हारी चाल में,
जीतना तो चाहते हर हाल में।
धनुर्विद्या में निपुण सब योद्धा,
छेद लेकिन हैं तुम्हारी ढाल में।।
शस्त्र सारे हैं तुम्हारे व्यर्थ!
याद रखना ये हमारी पंक्तियाँ।

जीतने में तुम रहे असमर्थ कौरव!
और भी हैं युक्तियाँ।

Thursday, May 9, 2019

अनुत्तरित।

हर गाँव हमारा गाँव लगे!
हर शहर अजनवी जैसा क्यों?
ख़ुद आलोचनाएँ पूछें शहरी-
बतलाओ 'शिशु' है ऐसा क्यों?

क्यों गली मोहल्ले सूने हैं,
गाँवों से लोग पलायित क्यों?
खेतीबाड़ी का मोह त्याग,
शहरों के प्रति लालायित क्यों?

सब रिश्ते बदल रहे हैं क्यों,
क्यों दिल में करते लोग घाव?
अपनों में अपनापन विलुप्त,
घर में बढ़ता है क्यों दुराव?

क्यों परंपराएं बदल रहीं-
संस्कृतियों से है मोहभंग?
सभ्यता नहीं दिखती हममें,
क्यों लोग देखकर नहीं दंग?

क्यों प्रश्न बहुत ही ज़्यादा हैं,
क्यों उत्तर का है पता नहीं?
क्यों औरों में दिखतीं कमियाँ,
क्यों ख़ुद की दिखती ख़ता नहीं?

©शिशु #नज़र_नज़र_का_फ़ेर

Tuesday, May 7, 2019

बात उसकी मुहं जुबानी याद आती हैं।।

प्यार की पहली निशानी याद आती है,
आज भी वो छेड़खानी याद आती है।

मैं मना करता रहा, होठ गीले हो गए,
वो नशे की वो कहानी याद आती है।

बात पहले की बहुत पर होश ताज़ा है,
मछलियाँ सारी पुरानी याद आती हैं।

बात उसकी गाँठ में आजतक बांधे रहा,
बात उसकी मुहं जुबानी याद आती हैं।।

Monday, May 6, 2019

हद से ज़्यादा हो गईं हैं छिपकिली घर में,

हल्का फुल्का अंदाज़😊

रात में  चश्मा लगाते  हो  मियाँ  काला।
देखकर चलना 'हियाँ' गहरा बहुत नाला।।

आँख में सुरमा लगा था, कान में बाला।
देखकर  बेहाल  'बन्ने' हो  गए  खाला।।

कह रहा था रात में बारिश बहुत होगी,
देखकर निराश छोटा सा हुआ 'झाला'।

कुछ  बाराती सोच में थे, मैं कहाँ बैठूँ।
दोस्तों 'हम' बैठ गए खोलकर 'डाला'।

हद से ज़्यादा हो गईं हैं छिपकिली घर में,
मकड़ियों को जान बूझ है गया पाला।।

शब्दार्थ:
हियाँ: यहाँ
झाला: हल्की बारिश, आई और गई।
डाला: टैक्टर की ट्राली में पीछे की तरफ, जंजीर खोलकर बनाई गई जगह।
पाला: पालतू

Monday, April 29, 2019

चुनावी तुकबंदी


ये जो मलाई काट रहा था,
रेवड़ियाँ अपनों में बाँट रहा था,
आपको सरेआम डाँट रहा था।
आज वो फ़िर खड़ा है,
जीतने पर अड़ा है,
जनता को छोटा
ख़ुद को कह रहा बड़ा है।

उसे दिखा दो,
सबक सिखा दो।
पिछली बार भी वो/
आपके वोट से जीता था,
नारियल की तरह खून पीता था।

अब ठहर!
सुबह, शाम, दोपहर!
वोट वही फ़िर डालेंगें,
कुर्सी के नीचे लालेंगें।
फिर तू दोने चाटेगा,
मालिक तुझको डाँटेगा,
और च्युंटियाँ कटेगा।😊
©शिशु नज़र नज़र का फ़ेर

Sunday, April 28, 2019

भूले बिसरे लोग।

आजकल जहाँ पर यूनियन बैंक हैं वहीं पड़ोस में ही उनका निवास था। लंबा कद, गोरा रंग और चेहरे पर कुछ कुछ चेचक के दाग। उनकी कद काठी देखकर लगता था फ़ौज में उन्हें मेजर या पुलिस में कप्तान होना चाहिए था। यदि मेरी याद्दाश्त धोख़ा नहीं दे रही तो यह कहना ग़लत नहीं कि वे काफ़ी मिलनसार, हँसमुख और बातें करने में निपुण थे। यहाँ तक कि बच्चे भी उनसे बात कर लेते थे। काफ़ी ढीला ढाला कुर्ता और चौड़ी मोहरी का पायजामा उनका पहनावा था। उन्हें सफ़ेद और साफ़ कपड़े पहने ही देखा जाता था। रूपानी चप्पल का सबसे बड़ा नंबर उनको लगता था।

तब रविवार की बाज़ार उनके घर के सामने लगती थी, उनका घर बाजार के सामने था जहाँ एक ऊँचा टीला था। टीले पर उनके साथ पाँच से छः आदमी बैठकर गप्पें लड़ाते थे, उस समय उनके शरीर पर पायजामा के ऊपर कट वाली बंडी होती थी, जिससे उनका जनेऊ दिखता था और जो इस बात का सबूत था कि वो ब्राम्हण हैं। शायद वे घर में अकेले रहते थे, ठीक ठीक याद नहीं लेकिन वे अविवाहित थे। उनके बाहर निकलते ही एक दो लोग उनके साथ हो लेते।

तब गाँव में इतनी रौनक रहती थी कि हर जगह लोगों का हुजूम दिखता था, गर्मियों में ख़ासकर। छप्पर के नीचे लोग ताश खेलते हुए दिख जाते, शोर शराबा रहता, चिल्लम पों, मज़ाक, रमूज (हंसी उड़ाना), क्षणिक लड़ाई-झगड़े, चीखना चिल्लाना इस कदर रहता कि दोपहर में सोने वालों की नींद हराम हो जाती। बंगले (छप्पर) में सोने वाला बड़ा बुजुर्ग चिल्लाता, बाहर भागो हरामियों, वर्ना एक एक की ख़बर लूंगा। कुछ समय के लिए लोग चुप हो जाते और फिर से चिल्लाने की आवाज आने लगती। कुल मिलाकर उन दिनों गाँव में सर्दियों से ज़्यादा गर्मियों का इंतजार किया जाता था। कहानी के नायक को ताश खेलना काफी पसंद था। उनके घर के सामने नीम का बड़ा पुराना पेड़ था जहाँ एक बार मैं भी छेक्कड़ खेल में उनकी तरफ से खेला था।

उन दिनों गाँजे का नशा अपने शबाब पर था। युवक और जवानी की दहलीज़ पर कदम रख रहे बच्चे गाँजे के प्रति आकर्षित हो रहे थे, जबकि अधेड़ उसके जाल में पूरी तरह फंस चुके थे। अधेड़ होने के कारण वे भी गाँजे में पूरी तरह लीन थे। गंजेडियों की टोली में उनका नाम आदर से लिया जाता था। लोग चिलम का कश लगाते और खाँसते हुए कहते 'इस गाँजे में दम नहीं' "अलख बम लगे गाँजे की दम" 'बोल बम भोले, गांजे का होले" "जिसने न पिया गाँजा वो छक्के का भांजा"। तब शराब का उतना क्रेज नहीं था बावजूद इसके स्टेशन के रास्ते में देशी शराब का एक ठेका भी था। जो दूसरे गाँव के व्यक्ति चलाता था। इसके साथ ही आसपास के छोटे गांव में अवैध शराब निकाली जाती थी। गर्मियों में लोग ताड़ी का इंतजार करते। खजूर की ताड़ी मुफ़्त में पीने के लिए ख़जूर के पेड़ को घायल कर देते।

अखंड रामायण और भागवत की कथा में उन्हें मजीरा बजाने का बहुत शौख था। उन्हें ढोलक बजाना भी आता था और कीर्तन मंडली और रामलीला आदि में उन्हें अपने आप को प्रदर्शित करना अच्छा लगता था। उन्हें दौड़ा पड़ता था। एक बार जब हम प्राइमरी में पढ़ता था उन्हें अचानक दौड़ा पड़ा तब पांडेय मास्टर जी ने उन्हें उठाया था। आसपास के लोग दौड़कर आ गए। उनके बहुत से हिमायती लोग थे। शायद ही उनका किसी से झगड़ा हुआ था। उनके हाथ और पैरों में छः उंगलियां होने के कारण लोग उन्हें छंगा कहते थे जबकि उनका वास्तविक नाम गुमनामी में रहा।

आज बरबस उनका वही चमकता चेहरा सामने आ गया। यादों में ऐसे अनेकों अनगिनित लोग हैं जिनके बारे में लिखना आनंददायक है।

Wednesday, April 24, 2019

तुमको चमकते शहर से फुर्सत मिले अगर

जो हो गए बर्बाद सब, उसमें हमारा हाथ!
आवाम खुश हो रही सुनकर हमारी बात!!

तुम कह रहे हो हारना मेरा नहीं उसूल है,
सब्र कीजिए, अमा दिख जाएगी औक़ात।।

तुमको चमकते शहर से फुर्सत मिले अगर,
गुर्बत भी देख लेना 'शिशु' आकर हमारे साथ।

सोचता हूँ, शब को  लिखना पड़ा ग़र दिन,
दिन के उजाले में लिखूँगा खुशनसीब रात!!

Popular Posts

आंदोलन

यह बात सन 1994 की है। उस समय मैं लखनऊ के एक आवासीय विद्यालय में 9वीं कक्षा में पढ़ता था। एक दिन हॉस्टल में बच्चों को खराब खाना परोसे जाने को...