Wednesday, September 18, 2019

चम्पा के सरोवर

अध्यापक गयादीन अपने पड़ोसी गाँव में प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाते थे। तब कई गाँव मिलकर एक मजरा बनाते थे, जहाँ एक प्राथमिक और एक उच्च प्राथमिक विद्यालय हुआ करता था। कहने को तो वह गाँव था लेकिन लोग उसे पुरवा कहते थे। इस पुरवा में दक्षिण की तरफ़ दलितों के, उत्तर में ठाकुरों के, पूर्व की तरफ़ तालाब के किनारे किनारे कुछ एक घर कहारों के और गाँव के पच्छिम की तरफ़ एक दो घर कुम्हारों के थे। पुरवा के लिए मुख्य सड़क से निकली हुई एक पतली आड़ी तिरछी रेखा जैसी खड़ंजे की सड़क निकलती थी जो क़रीब 6 किलोमीटर चलकर फिर एक मुख्य सड़क से मिल जाती थी, जहाँ एक इंटर कॉलेज था। पुरवा से दिखाई देता था एक प्राचीन किला और किले पर बरगद का पुराना पेड़, जिस पर गिद्धों का आशियाना था, क्योंकि जानवरों की खाल निकालने का काम इसी किले के आसपास किया जाता था। इस पुरवे में दक्षिण टोले के लोग मरे जानवरों की खाल निकालने का कार्य करते थे। इस किले की अनेकों किदवंतियाँ थीं। पुरवा के लोग किले को ढीह कहते थे।

मास्टर साहब सफ़ेद रंग का पायजामा (चौड़ी मोहरी वाला) और ढीला सा कुर्ता पहनते थे, मौसम कोई भी हो उनके पहनावे में कोई अंतर न होता। सर्दी में ज्यादा से ज्यादा खादी की सदरी पहन ली। पक्का रंग और छोटा कद उनकी पहचान थी (हालांकि उनके पिता का कद 6 फ़ीट था), आंखों से कुछ कम दिखाई देता था बाबजूद उन्होंने चश्मा नहीं बनवाया था। शरीर में हद से ज़्यादा बाल थे, बड़ी बड़ी घुमावदार मूँछे, हाथ पैरों में सीधे सतर्क खड़े बाल, कान के किनारे किनारे एक सीधी सी रेखा ऐसा लगता चकरोट के किनारे खरपतवारों की लाइन हो। वे सुर्ती (तंबाकू) खाते थे, प्लास्टिक की डिबिया में एक तरफ तंबाकू और दूसरी तरफ़ ताज़ा चूना भरा रहता था। उनकी लड़की चम्पा प्रतिदिन उस डिबिया को तरोताज़ा करती थी। मास्टर के पाँच बच्चों में चम्पा तीसरे नंबर की लड़की थे, जिसके  बाद 2 लड़के और थे। वह लड़की बड़ी मुँहफट थी। अभी सोलहवें साल में कदम ही रखा था, लेकिन दिखने में लगता था बीस से कम न होगी, उसकी लंबाई 5.5 फ़ीट से ज़्यादा थी, लंबाई से ज़्यादा लंबी उसकी ज़बान थी। हालांकि लड़की सांवले रंग की थी लेकिन उसके नैननक्श के वजह से मोहल्ले की अन्य गोरी लड़कियों की माएँ चम्पा से जलतीं थीं। एक बार गाँव के उच्च जातियों के लड़कों ने उस पर कुछ फब्तियाँ कस दीं फ़िर क्या बातों-बातों से उनकी जो धुलाई की कि उनको छठी का दूध याद आ गया।

मास्टर गयादीन पाँच भाई और कुल छह बहनों में सबसे छोटे थे। उनके पिता मैकूलाल लठ्ठबाज थे। जिनके पास 100 से ज़्यादा भेड़ें और इतनी ही मात्रा में बकरियां थीं। परिवार में अधिक बच्चे होने का फ़ायदा ये था चरवाहों की कमी न थी। मैकूलाल दबंग किस्म के व्यक्ति थे। अपने शरीर और लठ्ठ पर उन्हें विश्वास था इसलिए उस समय के अनुसार भी अन्य लोगों की तरह उन्होंने ठाकुरों के आगे न कभी हाथ फैलाया और न ही उनकी चाकरी की।

मास्टर साहब कैसे मास्टर बने इसकी कई कहानियाँ हैं, एक कहानी ये है कि, बचपन में गयादीन चरवाहे थे, तभी स्कूल के अध्यापक पंडित चंद्रिका की उन पर नज़र पड़ी। उनकी ख़ुद की भी एक भैंस थी। जिसे वे सुबह हाँकर स्कूल लाते और गयादीन उसे चराते। स्कूल में कोई बाउंड्रीवाल न थी, इसलिए गयादीन जानवरों को तालाब में हाँक कर स्कूल आ जाते और वहीं बैठकर लिखना पढ़ना सीखा। धीरे धीरे पढ़ाई में लगन देखकर पंडित जी ने उनका नाम स्कूल में लिख लिया और 8वीं तक पढ़ाई के बाद उनकी बहाली उसी स्कूल में हो गई। उस मजरे में पहला आरक्षण मास्टर गयादीन को मिला था, जैसा कि उनके स्कूल के अध्यापक हमेशा उनकी अनुपस्थिति में बच्चों से बताया करते थे। इस विषय में कहानियाँ और भी हैं, लेकिन इस पर ज़्यादातर लोगों ने मोहर लगा रखी थी।

अब चम्पा की कहानी पर आते हैं। चम्पा के रूप और गुण के अनुसार मास्टर गयादीन को अपनी बिरादरी में कोई लड़का न दिखाई देता था। गर्मी की छुट्टियों में उनका एक ही काम था चम्पा के लिए वर तलाशना। वे भरी दुपहरी में पैदल ही चलते थे, भरी दोपहर में चलना उन्हें पसंद था। वे चाहकर भी साइकिल नहीं ख़रीद रहे थे। कारण उनका स्कूल गाँव के आसपास था, दूसरा पैदल चलना उनको पसंद था। चरवाहे होने का एक फ़ायदा ये भी है। एक चरवाहा दिन में औसतन 5 से 6 किलोमीटर प्रतिदिन चलता है ऐसा वे स्कूल में बच्चों को बताते थे।

वर की तलाश में मास्टर साहब बड़े निराश हो रहे थे। चम्पा बड़ी समझदार थी, 12वीं तक स्कूल में पढ़ाई की थी। वह 6 किलोमीटर दूर स्कूल पढ़ने जाती। पढ़ने में सबसे अव्वल, वैसे तो सभी विषयों में वह अव्वल थी लेकिन संस्कृत में उसका जवाब ही नहीं, ऐसे ऐसे श्लोक याद थे अध्यापक भी अचंभित हो जाते। एक बार मोहल्ले में शादी के दौरान गलती से पंडित जी के मुँह से गलत शब्द आ गया, चम्पा ने वहीं टोक दिया था। इस बात के लिए पंडित दीनानाथ ने उसकी इतनी तारीफ़ की बात पूरे गाँव में फ़ैल गयी थी। लोग कहते थे, इसे ब्राम्हण के घर में पैदा होना चाहिए था।

उस गाँव के आसपास सैकड़ों एकड़ ऊसर ज़मीन थीं जिसके सुधार के लिए वन विभाग और ऊसर सुधार विभाग ने एक दिन वहाँ का दौरा किया था। स्कूल में मास्टर साहब से बातचीत से पता चला जिन लोगों की ज़मीन है उन्हें स्वयं भी जानकारी नहीं है, क्योंकि खेत में कुछ पैदा ही नहीं होता इसलिए लोग अपनी जमीनों को भूल गए हैं। चकबंदी विभाग ने कई बार कोशिश की लेकिन बात न बनी। शाम को वन विभाग के अधिकारियों ने वहीं अपनी राउटी (आशियाना) लगाया।

उन्हें नक्शों की नक़ल उतरने के लिए एक पढ़े लिखे व्यक्ति की तलाश थी। गाँव के लोगों ने चम्पा का नाम सुझाया। वनाधिकारी शैलेन्द्र सरोवर ने चम्पा को समझाया कि किस प्रकार उसे कार्य करना होगा। उसने हां में हाँ मिलाते हुए कार्य शुरू किया। जब शाम को अधिकारी वापस आए, तब चम्पा का कार्य देखकर अचंभित हो गए। अधिकारी क्या नक़्शा बनाते, इतनी साफ़ सुधरी लिखावट, पहले देखी न थी सबने। शैलेन्द्र सरोवर पहले से ही मोहित थे, वे उस जिले के निवासी न थे। पहली बार किसी को देखकर प्यार उमड़ा था। चम्पा की साफ़गोई देखकर उससे कहने से डरते। एक दिन बारिश होने के कारण उन्होंने ने मास्टर साहब से अपनी मन की बात कह सुनाई। मास्टर साहब ने कहा साहब आप तो जानते हैं हम लोग कौन से हैं, अपनी जाति से होते तो इससे अच्छा और क्या होता। शैलेन्द्र सरोवर ने कहा, मास्टर साहब आप चम्पा से पूछ लीजिए बाक़ी मुझ पर छोड़ दीजिए।

शाम को मास्टर साहब ने अकेले में चम्पा से पूछा बिटिया आपसे कुछ बात पूछनी है , बिना माँ की चम्पा ही उस घर में बड़ी थी। वह बाप को ख़ूब समझती थी बिना लाग लपेट के कहा बप्पा जो आप सोच रहे हो वह संभव न ही है। हमारा रिश्ता कोई स्वीकार नहीं कर पायेगा। मास्टर ने शैलेन्द्र सरोवर को बुलाकर कह दिया बेटा चम्पा की ना और हां ही हमारे लिए सब है। शैलेन्द्र सरोवर निराश हो गए। चम्पा को देखकर कहा कोई बात नहीं मास्टर साहेब। मैं सब समझता हूँ, और अगले दिन जिले की तरफ़ कूच कर गए। चम्पा से इस विषय में कभी न बात हुई और न चलते हुए कहा। लेकिन उनके चेहरे पर मायूशी साफ दिखाई देती थी। जब वे चले गए चम्पा उदास रहने लगी। लगन लग चुकी थी। बिछड़ने के बाद ही प्यार का पता चलता है। चम्पा ने मास्टर साहब से जिले को चलने को कहा। अगले दिन वे ज़िला कार्यालय पहुंचे पता चला शैलेन्द्र सिंह अपना तबादला करवाने के लिए प्रमुख अधिकारी को पत्र देने गए हैं। चम्पा उदास हो गई। काफ़ी देर इंतजार करने के बाद वे आए। चम्पा ने कहा साहेब आप चले आए, गांव में सब आपको याद करते हैं, इस बार शैलेन्द्र सरोवर से रहा न गया, बोले और आपके मेरी याद नहीं आई। चम्पा ने कहा यह संभव न है आपके घर वाले और हमारे घर वाले इसे स्वीकार न करेंगें। हमें गाँव छोड़ना पड़ेगा। शैलेन्द्र सरोवर ने कहा गाँव तो मुझे भी छोड़ना पड़ेगा चम्पा। उसी दिन कचहरी में दोनों की शादी हो गई।

मास्टर साहब ने यह बात गाँव में किसी से न बताई। फिर कुछ दिन बाद दोनों लड़कों के साथ चम्पा को शहर भेज दिया। शैलेन्द्र सरोवर के तबादले की अर्जी स्वीकार हो गई थी। शहर छोड़ते समय शैलेन्द्र सरोवर ने चम्पा का दाख़िला कॉलेज में करवा दिया। किसी को भी उनके विवाह के बारे में कोई ख़बर न थी। शैलेन्द्र सरोवर चाहते थे चम्पा पुलिस में बड़े पद पर नौकरी करे और उसी अनुसार एक दिन उसका चयन पुलिस में बड़े पद पर हो गया।

पुलिस की वर्दी में चम्पा शैलेन्द्र सरोवर के साथ जब पहली बार गाँव आई तब उसकी माँग में सिंदूर था। आजकल चम्पा का नाम पुलिस विभाग में बड़े आदर और सम्मान के साथ लिया जाता है वह एक तेज तर्रार अधिकारी के रूप में जानी जाती है और शौलेंद्र सरोवर जिले के वन विभाग के सबसे बड़े अधिकारी हैं। चम्पा और शैलेन्द्र सरोवर किस जाति से हैं किसी ने न पूछा। पाठक शैलेन्द्र सरोवर की जाति से ज़्यादा उनके प्यार और पसंद को पसंद करेंगे, ऐसी कामना है।

No comments:

Popular Posts

Internship

After learning typing from Hardoi and completing my graduation, I went to Meerut with the enthusiasm that I would get a job easily in a priv...